
लखनऊ, 13 अप्रैल 2026। Lucknow में अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा Parth Sarathi Sen Sharma की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नवीन भवन स्थित सभाकक्ष से आयोजित इस बैठक में सभी मुख्य विकास अधिकारियों, डीआईओएस और बीएसए ने हिस्सा लिया।
बैठक में नए शैक्षिक सत्र (1 अप्रैल 2026) के तहत शासन के एजेंडे के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि School Chalo Abhiyan को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और हर जिले में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही छात्रों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए अकादमिक कैलेंडर के अनुसार नियमित पढ़ाई, समयबद्ध परीक्षाएं और होलिस्टिक प्रोग्रेस रिपोर्ट तैयार कर अभिभावकों से साझा करने के निर्देश दिए। बैठक में पाठ्य पुस्तकों के वितरण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में मानव संसाधन, प्री-प्राइमरी शिक्षा और मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास, टैबलेट और डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही PM SHRI Schools और समग्र शिक्षा योजना के तहत प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्यान्वयन के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य सचिव ने छात्र-छात्राओं की अनुपस्थिति रोकने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम लागू करने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और योजनाओं की प्रगति को समय पर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। आरटीई के तहत प्रवेश, राजकीय विद्यालयों का निर्माण, बालिका छात्रावास संचालन और व्यावसायिक शिक्षा के लिए प्रयोगशालाओं की स्थापना की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा PM Poshan Scheme के तहत मध्यान्ह भोजन, प्रोजेक्ट अलंकार, मिनी स्टेडियम निर्माण और नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नवाचार को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।