
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने स्कूलों में निजी प्रकाशन की किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के निदेशक को ऐसे मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों को जेल भेजने के लिए अभियान चलाने को कहा है।
यह निर्देश संभल सहित विभिन्न जिलों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जारी किए गए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि कई स्कूलों में NCERT की पुस्तकों के बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि उनके पास अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है, लेकिन यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार स्कूलों में केवल NCERT की किताबें ही पढ़ाई और उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि यह प्रमाणित होता है कि अभिभावकों पर दबाव बनाकर अन्य किताबें बेची जा रही हैं या NCERT पुस्तकों के नाम पर अधिक धन वसूला जा रहा है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच सुनिश्चित करें।