
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के चुनाव में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष खुशीराम यादव को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके निर्विरोध अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ब्लॉक प्रमुख सतेंद्र सिंह मुन्ना समेत सैकड़ों लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष खुशीराम यादव ने सभी किसान भाइयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में किसी भी किसान को बैंक से संबंधित कार्यों के लिए कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हर समय किसानों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे और किसानों के हित में बेहतर नीतियों को बोर्ड से लागू कराने का कार्य करेंगे।
खुशीराम यादव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और बैंक की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिससे किसान खुशहाल बन सकें। उनके निर्विरोध चयन को सहकारिता क्षेत्र में अनुभव और विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।