
लखनऊ। प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 अप्रैल के बीच बेमौसम तूफानी वर्षा का एक और दौर देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट और जनजीवन पर असर पड़ने की संभावना है।
मध्य क्षोभमंडल में मध्य पाकिस्तान और आसपास के पंजाब क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तथा निम्न क्षोभमंडल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के पश्चिमी और मध्यवर्ती हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा गया है। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कई स्थानों पर बादल छाए रहे।
हालांकि 6 अप्रैल को इस सिस्टम के कमजोर पड़ने से मौसम में आंशिक सुधार होगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों से प्रवेश करेगा, जो धीरे-धीरे मध्यवर्ती क्षेत्रों तक पहुंचेगा।
8 अप्रैल को इसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा, जिससे तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। 9 अप्रैल से यह सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा, लेकिन इस दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।