
लखनऊ। IndiaSkills Competition 2025-26 के तहत आगरा स्थित BSNL Ground में आयोजित नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता का चार दिवसीय आयोजन शानदार समापन के साथ संपन्न हो गया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के युवाओं ने अपने हुनर, नवाचार और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
उत्तर भारत के 5 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों से आए 360 से अधिक प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में उत्तर प्रदेश के 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 16 प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। प्रदेश को 1 गोल्ड, 3 सिल्वर, 7 ब्रॉन्ज और 5 ‘मेडलियन फॉर एक्सीलेंस’ प्राप्त हुए, जो युवाओं की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक Pulkit Khare ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल प्रतिभागियों की नहीं, बल्कि उन प्रशिक्षकों और अधिकारियों की भी है, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर इन युवाओं को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने आगे कहा कि अब अगला लक्ष्य 29 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित होने वाली नेशनल स्किल प्रतियोगिता है, जिसके लिए प्रतिभागियों को विशेष प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
प्रतियोगिता के दौरान रोबोटिक्स, आईटी, फैशन टेक्नोलॉजी, वेल्डिंग और ग्राफिक डिजाइन जैसे आधुनिक स्किल ट्रेड्स में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों ने भी उत्तर प्रदेश के प्रतिभागियों के नवाचार और तकनीकी कौशल की सराहना की।
अब क्षेत्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के बाद ये सभी विजेता आगामी National Skill Competition में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। विभाग ने इन प्रतिभागियों के लिए विशेष प्रशिक्षण और मेंटरशिप की योजना तैयार कर ली है, ताकि वे आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की WorldSkills Competition में भी भारत का नाम रोशन कर सकें।