
माधौगंज (हरदोई)। बुधवार को नयागांव के निकट दारूकुइयां स्थित मां भगवती शीतगृह का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने फीता काटकर शीतगृह का औपचारिक शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए स्थानीय भाषा में अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने पुरानी यादों को साझा करते हुए लोगों को स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए नियमित योग अपनाने के प्रति जागरूक किया। साथ ही क्षेत्रीय किसानों से अपील की कि वे मां भगवती शीतगृह दारूकुइयां में सस्ती दरों पर आलू का भंडारण कर सुविधा का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम संयोजक गौरव पाठक ने उद्घाटन समारोह में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आशीर्वाद की कामना की। मंच संचालन कर रहे अशोक कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मां भगवती शीतगृह की मानक भंडारण क्षमता 1,80,000 पैकेट (बोरी) है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे समय रहते संपर्क कर उचित दरों पर आलू भंडारण कर लाभान्वित हों।
कार्यक्रम में संरक्षक राजेश पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, वरिष्ठ भाजपा नेता अभयशंकर शुक्ला, नवल किशोर माहेश्वरी, माधौगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, शिवराज सिंह बाबा, अखिलेश कटियार, विशाल जायसवाल, इन्द्रपाल सहित अनेक प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मुस्तैद रही।