
हरदोई। विवेकानंद सभागार में शनिवार को आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी से करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट का समयबद्ध सुधार किया जाए और सभी श्रेणी की सड़कों पर लेन मार्किंग कराई जाए ताकि वाहनों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने चौराहों पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग मार्किंग, री-इंजीनियरिंग और सड़कें गड्ढा मुक्त कराने पर जोर दिया। साथ ही, अवैध कट बंद करने, पर्याप्त मार्ग प्रकाश की व्यवस्था करने, अव्यवस्थित वेंडिंग जोन को व्यवस्थित करने और अवैध होर्डिंग्स को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निराश्रित पशुओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। पशुओं को आश्रय स्थलों में भेजा जाए और उनके सींगों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं ताकि रात्रि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बने अवैध ढाबों को बंद कराने के निर्देश दिए गए। एनएचएआई ने बताया कि अब तक 6 ढाबों को नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 3 बंद कराए जा चुके हैं और बाकी पर कार्रवाई जारी है।
इसके अलावा, सड़क किनारे झाड़ियों को हटाने और विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब, क्विज, रंगोली, भाषण जैसी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित कराने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में आरटीओ प्रशासन, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, यातायात निरीक्षक, सीओ सिटी और अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।