
लखनऊ। राजधानी में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी के दौरान देशभर से आए हजारों प्रतिभागियों के सुचारू एवं सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने सफलतापूर्वक निभाई। इस विशाल आयोजन में विभिन्न राज्यों से पहुंचे स्काउट एवं गाइड प्रतिभागियों के आवागमन को सुनिश्चित करने में मंडल प्रशासन ने उत्कृष्ट समन्वय और प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया।
मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुनियोजित कार्ययोजना के तहत परिवहन व्यवस्था को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया। विशेष ट्रेनों के संचालन, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
आयोजन के सफल संचालन में टिकटिंग, यात्री सूचना प्रणाली, सुरक्षा बलों की तैनाती और हेल्प डेस्क की व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया। मंडल प्रशासन द्वारा समन्वित प्रयासों के चलते बड़ी संख्या में प्रतिभागियों का आवागमन समयबद्ध और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ।
उत्कृष्ट कार्य के लिए बाबा साहब भीम राव अंबेडकर विश्वविद्यालय, साउथ सिटी, लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्काउट एवं गाइड द्वारा उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान लखनऊ मंडल की कार्यकुशलता, समर्पण और बड़े आयोजनों के दौरान यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर समन्वय और योजनाबद्ध प्रबंधन के माध्यम से यात्रियों को उच्चस्तरीय सेवाएं प्रदान की जाती रहेंगी।