ऐतिहासिक दिन: छिवकी जंक्शन पर वंदेभारत के ठहराव का शुभारंभ, महापौर ने दिखाई हरी झंडी


रिपोर्ट: राजेश सरकार

प्रयागराज। शनिवार आठ नवम्बर का दिन छिवकी जंक्शन के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया, जब बनारस-खजुराहो वंदेभारत एक्सप्रेस को यहां ठहराव मिला और मुख्य अतिथि महापौर उमेश गणेश चंद्र केसरवानी ने इसे हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस से चार नई वंदेभारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, जिनमें बनारस-खजुराहो वंदेभारत, लखनऊ-सहारनपुर वंदेभारत, फिरोज़पुर-दिल्ली वंदेभारत और एरणाकुलम-बेंगलुरु वंदेभारत शामिल हैं।

छिवकी स्टेशन पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने मुख्य अतिथि सहित अन्य माननीयों का प्लांटर और शाल देकर स्वागत किया। इस यादगार पल के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पार्षद, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक दीपक पटेल और गुरु प्रसाद मौर्य भी उपस्थित रहे।

मंच से संबोधित करते हुए महापौर केसरवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए छिवकी स्टेशन पर वंदेभारत का ठहराव मिलना संपूर्ण प्रयागराज के लिए गर्व की बात है।

प्रीमियम रेलसेवा के इस ठहराव से प्रयागराज और विंध्याचल स्टेशन लाभान्वित होंगे, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और तेज गति की होगी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल में अब वंदेभारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर छह हो गई है, जो संगमनगरी के लिए गौरव का विषय है। साथ ही भारतीय रेल की संरक्षा, समयपालन और यात्री सेवाओं में निरंतर सुधार की भी सराहना की।

अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि प्रयागराज मंडल में व्यापक विकास कार्य जारी हैं। इस वर्ष 9 नए पैदल उपरिगामी पुलों का निर्माण हुआ है। मंडल के स्टेशनों पर 32 एस्केलेटर और 55 लिफ्टें यात्रियों की सेवा में लगी हैं। साथ ही प्रतिदिन 157 ट्रेनें 130 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से संचालित हो रही हैं, जिनमें वंदेभारत और राजधानी जैसी प्रीमियम सेवाएं शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह के दौरान निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। ब्रिजराज सिंह गर्ल्स पीजी कॉलेज की अनामिका, श्वेतांजलि और खुशी यादव ने निबंध प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में जैनब खातून, दीक्षा गिरी और आकांक्षा ने शीर्ष स्थान हासिल किए। इंद्रा गर्ल्स जूनियर हाई स्कूल, नैनी के छात्रों ने भी निबंध एवं चित्रकला में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन वासुदेव पाण्डेय ने किया और जनसंपर्क अधिकारी उमरे अमित कुमार सिंह ने मीडिया का आभार व्यक्त किया। समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी ऊर्जा व उत्साह से भर दिया।