
झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र में सात दिन पूर्व पुलिया नंबर नौ मार्ग पर हुई वेंडर की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि वेंडर की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के जरिए कराई थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार तीन फरवरी को पुलिया नंबर नौ रोड पर झाड़ियों में एक रक्तरंजित शव मिला था, जिसकी पहचान ललितपुर जिले के तरई फाटक निवासी रेलवे वेंडर जगभान के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तमंचे से गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई थी। मृतक के पुत्र राजू की तहरीर पर नवाबाद थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस का शक मध्यप्रदेश के जिला शिवपुरी, भौंती निवासी शिवकुमार लोधी पर गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके हाथ पर गुदा हुआ नाम देखा, जो मृतक की पत्नी किरण कुशवाह का था। कड़ाई से पूछताछ करने पर शिवकुमार ने हत्या की साजिश और वारदात को कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि जगभान रेलवे में वेंडर था और अक्सर बाहर रहता था। इसी दौरान उसकी पत्नी किरण कुशवाह से उसकी फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। मकर संक्रांति के दौरान तालबेहट मेले में दोनों की मुलाकात हुई, जहां किरण ने अपने पति पर मारपीट और शराब-जुए में संपत्ति बेचने के आरोप लगाए और उससे इस कष्ट से मुक्ति दिलाने की बात कही। इसी दौरान शिवकुमार ने भरोसा दिलाने के लिए अपने हाथ पर किरण का नाम गुदवा लिया।
आरोपी के अनुसार दो फरवरी को जगभान घर आया था। अगले दिन जब वह ड्यूटी के लिए निकला तो किरण ने इसकी सूचना शिवकुमार को दे दी। इसके बाद शिवकुमार ने अपने साथी धर्मेंद्र लोधी के साथ मिलकर नया मोबाइल खरीदा और बाइक से झांसी पहुंचा। जगभान को स्टेशन के बाहर बुलाकर उसे पुलिया नंबर नौ रोड पर ले जाया गया, जहां शराब पार्टी के बाद तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने शिवकुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक बरामद कर ली है। साथ ही आरोपी शिवकुमार, उसके साथी धर्मेंद्र लोधी और मृतक की पत्नी किरण कुशवाह निवासी तरई फाटक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।