
बहराइच। कड़ाके की ठंड से निर्धन, असहाय और निराश्रित लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से तहसील नानपारा अंतर्गत थाना खैरीघाट के ग्राम गुजरातीपुरवा में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी के साथ 513 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। तहसील प्रशासन नानपारा द्वारा आयोजित इस शिविर के दौरान विधायक राम निवास वर्मा ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल वितरण से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने प्रशासन विशेषकर उप जिलाधिकारी की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा ही जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का प्रमुख दायित्व है तथा ऐसे प्रयासों से समाज के कमजोर वर्ग को संबल मिलता है। विधायक ने समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे पुनीत कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बताया कि शासन और जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए चिन्हित जरूरतमंदों तक समय से राहत सामग्री पहुंचाएं। कार्यक्रम के दौरान नायब तहसीलदार नवाबगंज अक्षय, नायब तहसीलदार शिवपुर मथुरा प्रसाद, थानाध्यक्ष खैरीघाट सहित राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।