विराट नारी उत्कर्ष समारोह में शेफाली पंड्या करेंगी संबोधन, मीरपुर रसौरा तिराहे पर विशेष आयोजन

लखीमपुर, 26 अक्टूबर। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा 06 से 10 नवम्बर तक आयोजित विराट नारी उत्कर्ष समारोह में शांतिकुंज हरिद्वार की विशेष महिला प्रतिनिधि शेफाली पंड्या मुख्य रूप से संबोधन करेंगी। यह कार्यक्रम रामापुर रोड, मीरपुर रसौरा तिराहा स्थित श्रीराम वाटिका मैदान परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।

प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के मीडिया संयोजक अनुराग मौर्य ने बताया कि यह आयोजन गायत्री परिवार की संस्थापक अधिष्ठात्री परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी के अवसर पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में जन्म शताब्दी वर्ष 2026 में एक करोड़ देव परिवार का निर्माण करना है।

कार्यक्रम के दौरान जिले और प्रदेश से आई एक हजार से अधिक महिलाओं को देव परिवार निर्माण का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। आयोजन के चौथे दिन सायंकालीन जन्मशताब्दी दीपमहायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रीमती शेफाली पंड्या विशाल महिला सभा को संबोधित करेंगी।

गायत्री परिवार के नारी जागरण अभियान का नेतृत्व कर रही शेफाली पंड्या, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति और यूथ आइकॉन डॉ. चिन्मय पंड्या की धर्मपत्नी हैं। उनका यह योगदान महिलाओं के सामूहिक विकास और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।