
लखनऊ। विश्व हिंदू महासंघ के बैनर तले जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर लखनऊ में एक बड़ी पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा बस्ती से शुरू होकर राजभवन तक पैदल मार्च के रूप में पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जनसंख्या नियंत्रण कानून लाओ, देश बचाओ” जैसे नारे लगाए और जनसंख्या वृद्धि को राष्ट्रीय संकट बताया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि देश में बढ़ती जनसंख्या विकास, संसाधनों और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। संगठन ने सभी धर्मों और जातियों पर समान रूप से लागू होने वाला सख्त जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग की। ज्ञापन में दो से अधिक संतान पर कठोर कानून, उल्लंघन को गैर-जमानती अपराध घोषित करने तथा कड़ी सजा के प्रावधान की मांग रखी गई।
विश्व हिंदू महासंघ ने यह भी मांग की कि दो से अधिक संतान वाले लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित किया जाए, उनका मताधिकार समाप्त किया जाए और ऐसे मामलों में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में दो से अधिक संतान वालों को राष्ट्रद्रोही घोषित करने तथा नागरिकता रद्द करने जैसे प्रस्ताव भी शामिल बताए गए।
संगठन के नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो जनसंख्या विस्फोट देश के भविष्य के लिए घातक साबित होगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इस मुद्दे पर तत्काल ठोस कानून बनाने की अपील की।