मानवता व हिंदुत्व का सार है विवेकानंद का जीवन: डॉ दिनेश शर्मा

कुशीनगर। जीवन ज्योति जागृति मिशन के तत्वावधान में आयोजित स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह में प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि मानवता और हिंदुत्व का सार स्वामी विवेकानंद के जीवन में समाहित है। उन्होंने बताया कि गुरु की शरण में जाकर ही जीवन का सच्चा ज्ञान प्राप्त होता है। स्वामी जी कहते थे, “राम को खोजते हो पर राम पर विश्वास नहीं करते।” उन्होंने अमेरिका के धर्म संसद में अपने सम्बोधन से पूरी दुनिया को संदेश दिया और सनातन संस्कृति की अलख जगाई। डॉ शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उसी अलख को आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्य वक्ताओं ने विवेकानंद के संदेश पर प्रकाश डाला
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक अनिल भाई ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत माता को धर्मभूमि, यक्षभूमि और मोक्षभूमि की संज्ञा दी। अमेरिका में उनका सम्बोधन उनकी तपस्या और साधना का प्रतिफल है। हावर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रॉबर्ट जानसन ने भी कहा कि यदि दुनिया के सभी विद्वानों को तुला पर रखा जाए और दूसरे तुला पर स्वामी विवेकानंद को रखा जाए तो स्वामी जी के आगे कोई नहीं ठहरता।
विशिष्ट अतिथियों ने साझा की प्रेरक बातें
कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे ने स्वामी विवेकानंद के समर्पण और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए कार्य करने की चेतना का उल्लेख किया।
देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने स्वामी जी के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और विकसित भारत की संकल्पना को उनके विचारों से जोड़कर बताया।
पूर्व सांसद राजेश पांडेय ने स्वामी विवेकानंद के 39 वर्ष के जीवन में ज्ञान और कर्मयोग के सामंजस्य को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरक बताया।
कार्यक्रम में अन्य प्रमुख उपस्थित लोग
पूर्व प्रधानाचार्य सुरेंद्र पांडेय ने विषय प्रवर्तन किया। सेवानिवृत्त आईएएस विनोद शंकर चौबे, झंझावाती हिंदू नंद किशोर मिश्र, मनोज मिहिर, वशिष्ठ न्यास के अध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्र समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। भोजपुरी में बिटोहिया गीत के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया गया।
आयोजन और विमोचन
जीवन ज्योति जागृति मिशन की स्मारिका आराधना का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। समारोह में आभार व्यक्त करते हुए आयोजक पूर्व विधायक नंद किशोर मिश्र ने कहा कि समाज निर्माण में युवाओं की ऊर्जा और आपसी सहयोग महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर तमकुहीराज विधायक डॉ असीम कुमार, खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड़, हाटा विधायक मोहन वर्मा, फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद चौरसिया, ऋषभ त्रिपाठी, मनोज मिश्र, लल्लन मिश्र, आयुष तिवारी सहित कई प्रमुख उपस्थित रहे।