
कुशीनगर। पडरौना विधानसभा क्षेत्र के खेसिया मंसाछापर बूथ संख्या 79 और जरार बूथ संख्या 24 पर नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता को निर्वाचन सूची में शामिल करना और किसी भी प्रकार की त्रुटि या नाम कटने जैसी समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याएं सुनी और सही प्रक्रिया से अवगत कराते हुए एसआईआर फॉर्म भरने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। विनय जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब हर नागरिक अपने मताधिकार के प्रति जागरूक और संकल्पित हो। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यरत कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुँचाने का आह्वान किया।
अभियान में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई नए मतदाताओं ने अपने नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म भरे, जबकि जिन्होंने अपने पते या अन्य विवरण में परिवर्तन किया, उन्होंने भी प्रक्रिया को समझते हुए सहयोग प्रदान किया। मतदाताओं को यह संदेश दिया गया कि निर्वाचन सूची में सही और अद्यतन जानकारी होना प्रत्येक नागरिक का अधिकार ही नहीं बल्कि लोकतांत्रिक दायित्व भी है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री सुदर्शन पाल, मंडल महामंत्री विवेक पांडेय, बीएलए पुनीत त्रिपाठी, बृजेश शर्मा, उपेंद्र गुप्ता, मनोहर शर्मा, बृजमोहन प्रसाद, बिजय कुमार, संतोष चौहान व गोलू चौधरी सहित सभी ग्रामवासी और बीएलओ उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारी और टीमों ने संकल्प लिया कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए, और जन-जागरूकता की यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी।