मथुरा जनपद के वृंदावन क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में करीब 30 पर्यटकों से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी (DM) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में 6 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई है। सभी मृतक पंजाब से वृंदावन घूमने आए थे और स्टीमर में सवार होकर यमुना नदी में भ्रमण कर रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कई पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
प्रशासन के अनुसार, स्टीमर के पलटने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका ओवरलोडिंग या संतुलन बिगड़ने की जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।