
लखीमपुर खीरी। जिले के 11 वर्षीय क्रिकेटर वरेण्य त्यागी ने कम उम्र में बड़ा मुकाम हासिल कर खीरी का नाम रोशन किया है। वरेण्य का चयन उत्तर प्रदेश सेंट्रल जोन अंडर-14 ट्रायल के लिए हुआ है। खास बात यह है कि वे खीरी जिले से इस स्तर पर चयनित होने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने हैं।
वरेण्य की क्रिकेट यात्रा जिले की U-14 टीम से शुरू हुई। इसके बाद लखनऊ मंडल स्तरीय ट्रायल में उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसी के आधार पर उनका चयन कानपुर के कमला क्लब ग्राउंड में होने वाले सेंट्रल जोन ट्रायल के लिए हुआ है, जिसमें प्रदेशभर से चुने गए युवा क्रिकेटर्स भाग लेंगे।
वरेण्य त्यागी सिटी मॉण्टेसरी स्कूल, लखीमपुर खीरी के छात्र हैं। चयन की खबर मिलते ही परिवार, स्कूल और खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई।
उनके कोच श्याम मोहन श्रीवास्तव और स्कूल के प्रिंसिपल विशाल सेठ ने वरेण्य की उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वरेण्य, जर्नलिस्ट ऋषभ त्यागी के पुत्र हैं।
दादी सुमन त्यागी ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा—
“वरेण्य बचपन से ही अनुशासित और मेहनती है। उसकी लगन अब दिशा दिखा रही है। हमें पूरा विश्वास है कि वह आगे बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करेगा।”
मां अर्चना त्यागी ने भावुक होते हुए कहा—
“यह उसके सपनों की शुरुआत है। उसकी मेहनत रंग लाई। हम सदैव उसके साथ हैं और ईश्वर से कामना करते हैं कि वह ऊँचाइयाँ छूए।”
वरेण्य के चयन से जिले में उत्साह का माहौल है और स्थानीय खेल जगत ने इसे खीरी के क्रिकेट भविष्य के लिए बड़ी उम्मीद के रूप में देखा है।