
फतेहपुर-बाराबंकी। नगर क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नवनिर्मित पानी टंकी के ट्रायल के दौरान मेन पाइप की पैकिंग फट गई। तेज धार के साथ बहता पानी आसपास के घरों और रास्तों में भर गया, जिससे लोगों की गृहस्थी को भारी नुकसान पहुंचा और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना नगर फतेहपुर क्षेत्र के मोहल्ला पचघरा की है। बुधवार करीब 12 बजे श्री शक्ति धाम तालाब के पास बनी पानी टंकी का ट्रायल चल रहा था। इसी दौरान टंकी से जुड़े पाइप में मरम्मत कार्य के समय अचानक पैकिंग फट गई। इसके बाद पानी पूरी रफ्तार से बहने लगा और पास में स्थित नीरज वर्मा व प्रभात यादव के घरों में घुस गया। घरों में रखा फर्नीचर, अनाज, कपड़े व अन्य घरेलू सामान पूरी तरह भीग गया।
अचानक हुई इस घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। करीब आधे घंटे तक पानी का तेज बहाव जारी रहा, जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टंकी का पानी खत्म होने के बाद ही हालात सामान्य हो सके और लोगों ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि यह नवनिर्मित पानी टंकी करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनाई गई है, जिसकी क्षमता 11 लाख लीटर है।
इस संबंध में पानी टंकी के सुपरवाइजर अमर कुमार ने बताया कि सुलूस वॉल की मरम्मत के दौरान कारीगर के हाथ से तेज हथौड़ा लग गया, जिससे मेन पाइप की पैकिंग फट गई और यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।