
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह से ही मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में ठंडी हवा के झोंके चल रहे हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने जिले के कई इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन में ज्यादातर समय मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। आज शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
तेज आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक दिन के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इससे पहले गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.01 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा रहा।
पश्चिमी यूपी से शुरू होगा बारिश का नया दौर
मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि आज से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का एक नया दौर शुरू होने जा रहा है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल सकता है और आने वाले कई दिनों तक असर बनाए रखेगा।
पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर की नमी से बन रहे बादल
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, ईरान-अफगानिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी भरी हवाओं के आपसी प्रभाव से बादलों का निर्माण हो रहा है। यही वजह है कि प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।
तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट की उम्मीद
इस बदलते मौसम का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे दिन का मौसम पहले की तुलना में ठंडा और ज्यादा राहत भरा रहेगा।