Weather News: UP में बदला मौसम का मिजाज: आंधी- बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

लखनऊ। अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 20°C और अधिकतम तापमान 35°C रहने का अनुमान है। वहीं नोएडा में भी हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। नोएडा का न्यूनतम तापमान लगभग 18°C और अधिकतम 31°C के आसपास रहने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया है।

वहीं मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों के लिए आंधी, बारिश और गरज-चमक को लेकर अहम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी लेकिन मौसम अस्थिर बना रहेगा।

तेज हवाओं और बारिश से बढ़ेगी परेशानी

लखनऊ अमौसी स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, 7 अप्रैल को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान तेज बारिश के साथ झोंकेदार हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 8 अप्रैल को भी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

वहीं स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में हुई बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले 48 घंटे प्रदेशवासियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। यह मौसम प्रणाली पश्चिमी यूपी से शुरू होकर पूर्वी हिस्सों तक सक्रिय रहेगी और 9 अप्रैल तक इसका असर जारी रहने की संभावना है।

इन जिलों में ओलावृष्टि की आशंका

मौसम विभाग ने मथुरा, औरैया, जालौन, अलीगढ़, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और हाथरस जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इन इलाकों में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। इनमें हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, हरदोई, कन्नौज, उन्नाव, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, हमीरपुर, झांसी, महोबा और ललितपुर सहित आसपास के जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।