
पीलीभीत।
युवा व्यापार मंडल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कपिल अग्रवाल और बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मझोला क्षेत्र के औद्योगिक और सामाजिक विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। कपिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को प्रभु श्रीराम दरबार की भव्य प्रतिकृति भेंट की, जिसे मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक स्वीकार किया।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने मझोला के पूर्व चेयरमैन स्व. राम औतार अग्रवाल के जनसंघ काल से लेकर श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन तक के योगदान को सराहा और उनसे मिलने की इच्छा भी जताई। कपिल अग्रवाल ने मझोला में हो रहे औद्योगिक विकास, कपड़ा फैक्ट्री की स्थापना और भावी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के साथ चर्चा में कई प्रमुख मुद्दे शामिल रहे—जैसे मझोला में एथेनॉल और पावर प्रॉडक्शन प्लांट की स्थापना, दियूनी डाम पर नया पुल, उप तहसील की स्थापना, राजस्व अभिलेखों में मझोला का नाम दर्ज कराने की मांग, मझोला-सितारगंज मार्ग के चौड़ीकरण में दुकानदारों की कम से कम क्षति सुनिश्चित करने की अपील और मझोला में मिनी स्टेडियम का निर्माण।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से लिया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।