
बलरामपुर। 58 श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत जनपद बलरामपुर के विधानसभा तुलसीपुर के विकास खंड हर्रैया सतघरवा में वर्षों से चली आ रही लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की गंभीर समस्या को लेकर समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल ने ऊर्जा राज्य मंत्री के नाम अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि हर्रैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय शिवपुरा बाजार व आसपास के क्षेत्रों को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र महराजगंज से आपूर्ति की जाती है, जो लगभग 15 किलोमीटर दूर है। ओवरलोड के चलते पूरे गर्मी भर क्षेत्रवासियों को लो लाइट और बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी ने बताया कि शिवपुरा से मात्र 3 किलोमीटर दूरी पर 1 जनवरी 1999 को तत्कालीन ऊर्जा राज्य मंत्री लल्लू सिंह चौहान द्वारा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शिवपुरा का शिलान्यास किया गया था, जो समय से बनकर तैयार भी हो गया, लेकिन 26 वर्ष बीत जाने के बाद भी आज तक चालू नहीं किया गया।
यह उपकेंद्र ग्राम पंचायत ठाकुरजोत के हरिहरगंज से बनकटवा अंतरराष्ट्रीय राज्य मार्ग के किनारे कीमती भूमि पर स्थित है और लंबे समय से उपेक्षा के कारण क्षतिग्रस्त हो चुका है। क्षेत्रवासियों को आज भी इसके चालू होने की आश है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बढ़ती गर्मी, बिजली कटौती और अंधेरे का फायदा उठाकर सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के बनकटवा रेंज से जंगली जानवर आबादी में घुस आते हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है।
साथ ही बलरामपुर नगर सहित पूरे जिले में गर्मी के मौसम में फ्यूज उड़ने, तार शॉर्ट होने और ट्रांसफार्मर जलने जैसी समस्याओं से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल ने इन सभी समस्याओं के स्थायी समाधान तथा वर्षों से बंद पड़े 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शिवपुरा को शीघ्र चालू कराने की मांग की। इस अवसर पर संजीव श्रीवास्तव, अभय शुक्ल, मोहम्मद यासीन, मदन गोपाल उपाध्याय, राम प्रसाद, स्वप्निल श्रीवास्तव, सारिक खान, इरफान खान, संदीप शुक्ल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।