‘जहां कमल खिलता है, वहां सुशासन आता है’-जेपी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को कहा कि भाजपा सिर्फ आज की नहीं, बल्कि भविष्य की भी पार्टी है और जहां कमल खिलता है, वहां सुशासन आता है। भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमारे कंधों पर जो जिम्मेदारी है वो मौसमी नहीं है, वो जिम्मेदारी सदा-सदा के लिए हमारे कंधों पर है। इसीलिए ये 2024 का चुनाव इस बात को परिलक्षित करता है कि भारत की जनता ने 2024 में लगातार तीसरी बार मोदी जी के नेतृत्व में हमको समर्थन दिया है तो वो विकसित भारत के लिए दिया। ये भविष्य हमारे हाथों में है। इसे संभालकर चलना हमारी जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी के प्रति सजग रहें। उन्होंने कहा कि देश में या राज्यों में जब कमल खिलता है तो सुशासन आता है, जबकि दूसरे लोग आते हैं तो व्यापारी पलायन करते हैं, बहू बेटियां सुरक्षित नहीं होती हैं और घोटाले पर घोटाले होते हैं।

नड्डा ने कहा कि इन चुनाव के नतीजों ने ये बता दिया कि अकेली भारतीय जनता पार्टी ही है जो पैन इंडिया पार्टी है, जो पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण हर जगह है। हम 140 करोड़ देशवासियों के प्रतिनिधि हैं। वहीं दूसरी पार्टियां, जो नॉर्थ ईस्ट में सक्षम हैं वो मध्य भारत में शून्य है। अगर कोई उत्तर भारत में सक्षम है तो वो दक्षिण भारत में नहीं दिखता। अगर कोई पश्चिम भारत में सक्षम है तो पूर्व में उसका कोई नाम लेवा भी नहीं। यदि कोई मध्य में तो उसका उत्तर, पूर्व, पश्चिम कहीं भी कोई नाम लेने वाला नहीं है। ये लोग 1984 में हमारे दो सदस्यों की पार्टी होने पर मजाक उड़ाते थे। आज उसी पार्टी ने जहां एक बार अटल जी के नेतृत्व में देश पर राज किया तो वहीं मोदी जी के नेतृत्व में तीसरी बार लगातार हमें जनता का आशीर्वाद मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में छोटी बड़ी मिलाकर कुल 1500 पार्टियां हैं। किसी भी पार्टी में आंतरिक प्रजातंत्र नहीं है। अधिकतर पार्टियां परिवारवादी हैं। अकेली भाजपा है जो इस मूल मंत्र पर चल रही है कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास। दावे से कह सकता हूं कि भाजपा में कोई भी अपने परिवार के कारण नहीं है, बल्कि अपने कर्म के कारण यहां है। यह हमारी विशेषता है। हम कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ता के साथ नेता भी हैं। जो नेता होता है वो पहले कार्यकर्ता होता है। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता वो है जो चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने की ताकत रखता है।