जिला जज पंकज कुमार सिंह का हृदयाघात से निधन, बाराबंकी में शोक की लहर

बाराबंकी, 28 मार्च। बाराबंकी के जिला जज पंकज कुमार सिंह का शुक्रवार सुबह उनके सरकारी आवास पर हृदयाघात से निधन हो गया। यह खबर सुनते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। न्यायाधीशों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का उनके आवास पर तांता लग गया।

लोकप्रियता और न्याय के प्रति समर्पण
वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व बार अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने बताया कि पंकज कुमार सिंह की लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि आम जनता में भी उनका नाम सम्मान से लिया जाता था। न्यायपालिका में कुछ नाम अपनी कार्यशैली और फैसलों से अमिट छाप छोड़ जाते हैं, और पंकज कुमार सिंह उन्हीं में से एक थे। उनकी न्यायप्रियता, संवेदनशीलता और निष्पक्ष फैसलों ने उन्हें आम जनता के न्यायाधीश से अधिक एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व बना दिया था।

न्याय प्रक्रिया को बनाया सरल और पारदर्शी
नरेंद्र वर्मा ने कहा, “34 वर्षों की प्रैक्टिस में मैंने ऐसा न्यायाधीश पहली बार देखा, जिसने न्याय प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाया। वह त्वरित न्याय देने में अग्रणी थे और हमेशा सभी के लिए सुलभ रहे।” पंकज कुमार सिंह न केवल कुशल न्यायाधीश थे, बल्कि एक ऐसे मार्गदर्शक भी थे, जिनके पास कोई भी वकील, वादकारी या कर्मचारी बिना झिझक अपनी बात रख सकता था।

न्यायपालिका को अपूरणीय क्षति
उनकी मृत्यु को अधिवक्ता समुदाय और न्यायपालिका के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायपालिका ने एक ऐसा न्यायाधीश खो दिया है, जिसकी जगह भर पाना असंभव है। उनके आदर्श और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।