लखीमपुर खीरी में विकास योजनाओं की मैराथन समीक्षा, प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिए सख्त निर्देश

लखीमपुर खीरी, 24 जनवरी। जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के तहत जनपद लखीमपुर खीरी पहुंचे। आगमन पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने उनका स्वागत किया।
अटल सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों और विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की। बैठक में सीडीओ अभिषेक कुमार, जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, अमन गिरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, जिसे और बेहतर बनाने की जरूरत है ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य की प्रगति जानी। वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 131 केंद्रों को 31 मार्च तक तथा 2025-26 के 78 केंद्रों को अप्रैल माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में मंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, उनमें नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूरी कर मार्च से कार्य प्रारंभ कराया जाए। जल जीवन मिशन के तहत जिन परियोजनाओं में पानी की टंकी का निर्माण पूरा हो चुका है, वहां शेष कार्य युद्ध स्तर पर पूरा कर योजनाओं को शीघ्र क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए गए।
डीआईओएस से प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत चयनित विद्यालयों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल विंग में विद्युत संयोजन संबंधी बाधा पर कार्यदायी संस्था और यूपीपीसीएल को 15 दिन के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, कृषि सहित अन्य प्रमुख विभागों की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर भारत-नेपाल सीमा से लगे मोहाना और करनाली नदी पार स्थित गांवों में जीवनस्तर सुधार के लिए किए गए कार्यों की विशेष सराहना की। चौगुर्जी गांव पर आधारित डॉक्यूमेंट्री देख उन्होंने इसे एक प्रभावी और नवाचारपूर्ण मॉडल बताया।
प्रेस ब्रीफिंग में प्रभारी मंत्री ने प्रदेश सरकार के बजट की प्रमुख उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के समग्र विकास पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक खड़े व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे।