उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में एक बार फिर से सेंधमारी की घटना सामने आई है। जिला पुलिस-प्रशासन के तमाम ऐहतियाती उपायों के बावजूद ताजमहल के आस-पास रविवार की सुबह ड्रोन कैमरों को उड़ाए जाने की घटनाएं सामने आई है। एक ड्रोन कैमरा रविवार को सुबह ताजमहल की मुख्य गुम्बद के ऊपर तक पहुंच गया। इसके बाद हड़कंप मच गया और सभी सुरक्षा एंजेसियां इसकी जांच में जुट गई कि आखिर कड़ी सुरक्षा के बीच ड्रोन की ताजमहल तक कैसे पहुंचा। पुलिस ड्रोन कैमरा उड़ाने वाले व्यक्ति के बारे में पता लगाने में जुटी हुई है।

बता दें कि मोहब्बत की बेमिसाल इमारत कहे जाने वाले ताजमहल की सुरक्षा में भारत और राज्य सरकार एजेंसियां लगी हुई हैं। ये एजेंसियां ताजमहल और उसके आसपास के क्षेत्र में 24 घंटे सातों दिन मौजूद रहती हैं। बावजूद इसके ताजमहल और उसके आसपास के सेंसिटिव जोन में ड्रोन के घुसपैठ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजमहल की अंदरूनी सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के पास है और बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पुलिस की है। रविवार सुबह करीब छह बजे ताजमहल के मुख्य गुंबद पर एक ड्रोन मंडराता हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ताजमहल के मुख्य गुंबद पर ड्रोन कैसे पहुंचा ? इसको लेकर एजेंसियां जांच में जुटी हैं।