
लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी नाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत बरेली जनपद के ऐतिहासिक बनखंडी नाथ मंदिर को नया स्वरूप दिया जा रहा है। इस कार्य के लिए 4.52 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन के दृष्टिकोण से व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि नाथ कॉरिडोर परियोजना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के प्रमुख नाथ संप्रदाय से जुड़े मंदिरों को आपस में जोड़ना और उन्हें विकसित करना है। इसके माध्यम से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बनखंडी नाथ मंदिर में प्रस्तावित प्रमुख विकास कार्यों में शामिल हैं:
- श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित आश्रय स्थल
- आरामदायक बैठने की व्यवस्था
- स्वच्छ और सुलभ पेयजल सुविधा
- मंदिर के इतिहास और महत्व को दर्शाने वाले जानकारी बोर्ड
- बेहतर प्रकाश व्यवस्था व सुरक्षा उपाय
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह परियोजना बरेली को एक प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार समस्त जनपदों में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे इन स्थलों को उनका मौलिक स्वरूप प्राप्त हो सके और भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखा जा सके।
नाथ कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया जीवन दे रही हैं। बनखंडी नाथ मंदिर का कायाकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।