
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान, लखनऊ इकाई की बैठक एवं नई कार्यकारिणी का चुनाव पुलिस उपायुक्त मुख्यालय लखनऊ की देखरेख में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी सदन में सम्पन्न हुआ। इस बैठक में जनपद लखनऊ के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। पेंशनर्स ने बैठक के दौरान अपनी-अपनी समस्याएं साझा कीं और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिन पर अध्यक्ष द्वारा शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
चुनावी प्रक्रिया की जिम्मेदारी राजेश कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त, लखनऊ को पीठासीन अधिकारी के रूप में सौंपी गई थी। सर्वसम्मति से रिटायर्ड पुलिस महानिरीक्षक आर. के. चतुर्वेदी को संस्थान का अध्यक्ष चुना गया। साथ ही रिटा. अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार मिश्रा एवं रिटा. पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश सिंह को उपाध्यक्ष, रिटा. पुलिस उपाधीक्षक आर. एल. निरंजन को महासचिव तथा रिटा. उप निरीक्षक हीरा लाल गिरि को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
सचिव पद के लिए तीन नाम सामने आने पर मतदान कराया गया, जिसमें रिटा. निरीक्षक अनिल कुमार सिंह एवं रिटा. उप निरीक्षक हरि भजन सिंह को विजयी घोषित किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मुनेन्द्र सिंह, दिनेश कुमार त्रिवेदी, भुवनेश तिवारी, एन. सी. अवस्थी, अतुल अग्निहोत्री, श्याम कुमार सिंह एवं भावना पुनेठा को नामित किया गया।
बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर. के. चतुर्वेदी, पूर्व उपाध्यक्ष श्याम पाल सिंह, पूर्व महासचिव महेन्द्र पाल सिंह, पूर्व कोषाध्यक्ष अम्बरीश कुमार मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रियंका राय सहित कुल 181 पुलिस पेंशनर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई। यह बैठक पूर्णतः सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुई।