बर्फबारी से उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, इन इलाकों में हो सकती है बारिश

उत्तर भारत के कई राज्यों में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कई हिस्सों में बारिश हो रही है और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी जारी है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति आने वाले दिनों में उत्तरी राज्यों में देखने के मिल सकती है।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में बना हुआ है जो लगभग 71 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 32 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रहा है। वहीं एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर है।

उच्च ऊपरी वायुमंडल से आने वाली जेट स्ट्रीम हवाएं उत्तर पश्चिम भारत में चल रही हैं, जबकि पूर्वी बांग्लादेश और उसके आसपास चक्रवाती हवाएं बना रही हैं। इन कारणों से देश में मौसमी गतिविधियों में बदलाव हो रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश हुई है, लेकिन ठंड में कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में फिर से कोहरे की स्थिति बन सकती है और 8 फरवरी को तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच हो सकता है।