राजीव कृष्णा को बनाया गया उत्तर प्रदेश का नया कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा को उत्तर प्रदेश का नया कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया है। राजीव कृष्णा वर्तमान में डीजी विजिलेंस के पद पर तैनात हैं। डीजीपी के चयन को लेकर अब तक संघ लोक सेवा आयोग को कोई प्रस्ताव भेजे जाने की पुष्टि नहीं हुई है। राज्य सरकार ने पिछले वर्ष पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश (पुलिस बल प्रमुख) चयन एवं नियुक्ति नियमावली 2024 को मंजूरी दी थी, लेकिन उसके तहत समिति का गठन अब तक नहीं किया गया है। प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार न मिलने की स्थिति में डीजी विजिलेंस राजीव कृष्णा को डीजीपी का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था।

राजीव कृष्णा उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और उन्होंने 1991 में पुलिस सेवा जॉइन की थी। वर्तमान में वे डीजी विजिलेंस के रूप में कार्यरत हैं। लखनऊ निवासी राजीव कृष्णा ने इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है।

वर्ष 2004 में वे आगरा में एसएसपी पद पर तैनात थे और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियानों के चलते सुर्खियों में रहे थे। बीहड़ों में सक्रिय अपहरण गिरोहों के खिलाफ उन्होंने प्रभावी कार्रवाई की थी। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें राज्य पुलिस व्यवस्था की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। यूपी पुलिस भर्ती के पेपर लीक मामले से निपटना और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को फिर से शुरू कराना भी उनके सामने एक बड़ी चुनौती होगी।