लाश के साथ लिए सात फेरे, देखते रह गए लोग — महराजगंज में प्रेमिका की मौत के बाद प्रेमी ने की शादी

महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी मरी हुई प्रेमिका की लाश से शादी कर समाज को चौंका दिया। यह अनोखी शादी लोगों के लिए हैरानी और भावनाओं से भरा दृश्य बन गई।

जानकारी के मुताबिक, 24 साल की प्रियंका और 29 वर्षीय सन्नी के बीच पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों ही एक ही जाति से थे और परिजनों की रजामंदी से 29 नवंबर को उनकी शादी तय हुई थी। घर पर शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। सन्नी की लव स्टोरी की शुरुआत प्रियंका के घर से ही हुई थी, जहां वह किराए की दुकान में मोबाइल सुधारने का काम करता था। बाद में अफेयर सार्वजनिक होने पर उसने दुकान दूसरी जगह शिफ्ट कर दी।

कुछ दिन पहले दोनों के बीच किसी बात पर अनबन हुई और प्रियंका ने अपना फोन बंद कर लिया। अगले दिन सुबह जब सन्नी सोकर उठा, तो उसे सूचना मिली कि प्रियंका की लाश उसके घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटकी मिली है। यह सुनते ही सन्नी बदहवास प्रियंका के घर पहुंचा और उसकी लाश को देखकर फूट-फूटकर रोने लगा।

करीब आधे घंटे बाद वह एक पोटली लेकर वापस लौटा जिसमें नई साड़ी और सुहाग का सामान था। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच सन्नी ने सभी के सामने प्रियंका की लाश से शादी करने की इच्छा जताई। परिजनों की सहमति के बाद पंडित को बुलाया गया और पूरे रीति-रिवाज से मृत प्रेमिका के साथ विवाह संपन्न कराया गया।

सन्नी ने प्रियंका के हाथों में हल्दी लगाई, उसे लाल साड़ी पहनाई, मांग में सिंदूर भरा और गले में मंगलसूत्र पहनाया। फिर अर्थी के चारों ओर सात फेरे लिए। इस अनोखी और भावनात्मक शादी को देखने के लिए मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए थे।

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जहां कुछ लोग इस प्रेम की मिसाल मान रहे हैं, वहीं कई लोगों की आंखें नम हो गईं।