सुभाष नगर की विवाहिता का संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला शव, पति पर हत्या का आरोप!

विवाहिता का संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला शव

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी प्रियंका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह लखनऊ के जानकीपुरम स्थित 443 द्वारिका धाम कॉलोनी में प्रियंका का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके पक्ष ने पति रूपक तिवारी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, सात वर्ष पूर्व प्रियंका की शादी मोहल्ले के ही रूपक तिवारी से हुई थी। सोमवार सुबह उन्हें अचानक प्रियंका की मौत की सूचना मिली। जब परिजन लखनऊ पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि शव का पोस्टमार्टम पहले ही कराया जा चुका है।

मायके वालों का आरोप है कि प्रियंका की उसके पति ने बेरहमी से मारकर हत्या की, और फिर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान की पुष्टि हुई है, जिससे परिजनों के आरोपों को बल मिला है।

परिजन अब न्याय की मांग कर रहे हैं और पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।