अमर भारती की खबर का दिखा बड़ा असर भटनी 116 नं० रेलवे गेट से विकास चौक तक जर्जर सड़क के नविनिकरण कार्य का हुआ शुभारंभ

रिपोर्टर -राकेश मद्धेशिया

नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने जताया आभार स्थानीय जनता में हर्ष की लहर

भटनी, देवरिया। वर्षों से उपेक्षित और जर्जर हालात में पड़ी नगर की प्रमुख सड़क आखिरकार विकास की राह पर लौट रही है। नगर पंचायत के 116 नं0 रेलवे गेट से विकास चौक तक की जर्जर सड़क के नविनिकरण कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। इस कार्य को लेकर क्षेत्रीय जनता, व्यापारी वर्ग यात्रीगण और सामाजिक संगठनों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

इस सकारात्मक पहल के पीछे अमर भारती समाचार पत्र की सक्रिय और जनहितकारी पत्रकारिता की भूमिका अहम रही है। 14 जून को अमर भारती के पत्रकार राकेश मद्धेशिया द्वारा प्रकाशित विस्तृत रिपोर्ट के बाद यह विषय तेज़ी से प्रशासनिक और रेलवे अधिकारियों के संज्ञान में आया। स्थानीय लोगों की भावनाओं और परेशानी को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने वाली इस रिपोर्ट ने विभाग को कुंभकरणीय नींद से जगाया।और अब परिणामस्वरूप धरातल पर कार्य शुरू हो चुका है।

एक रास्ता, कई समस्याएं वर्षों से झेल रहे थे लोग की परेशानी
116 नं0 रेलवे गेट से विकास चौक तक का यह मार्ग भटनी नगर के हृदयस्थल को जोड़ता है। यही नहीं यह सड़क भटनी रेलवे जंक्शन को सीधे जोड़ने वाली एक मात्र प्रमुख सड़क है। जिससे उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार के हजारों यात्री प्रतिदिन गुजरते हैं। इस मार्ग का उपयोग बड़े पैमाने पर स्थानीय व्यापारी, ग्रामीण, विद्यार्थी, श्रद्धालु, नौकरीपेशा लोग और सामान ढोने वाले वाहन करते हैं। पिछले कई वर्षों से इस सड़क की हालत दयनीय थी। बरसात के मौसम में सड़क कीचड़ और जलभराव से भर जाती थी। जिससे राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। गड्ढों की भरमार से दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं आम हो गई थीं।

नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने उठाया मुद्दा रेलवे विभाग ने दिखाई तत्परता
इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर वर्षों से मांग उठती रही थी। लेकिन किसी भी विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अंततः अमर भारती द्वारा 14 जून को खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने स्वयं इस विषय को प्राथमिकता में लिया और पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी के वरिष्ठ मंडल अभियंता (प्रथम) के समक्ष पत्र लिखा कर यह मुद्दा मजबूती से रखा।


रेलवे विभाग ने जनहित को देखते हुए इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की और कार्य प्रारंभ करने के निर्देश कार्य निरीक्षक (आई0 ओ0Wडब्लू0) भटनी को भेज दिए गए। अब इस मार्ग का कायाकल्प होने की शुरुआत हो चुकी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने अमर भारती की पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा है कि
यह कार्य वर्षों की जनमांग और आमजन की जीत है। रेलवे विभाग द्वारा जनहित में लिए गए इस फैसले से हजारों लोगों को राहत मिलेगी। यह सड़क केवल संपर्क मार्ग नहीं बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति का आधार है।

धार्मिक व्यावसायिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है यह मार्ग
इस सड़क की अहमियत केवल यातायात तक सीमित नहीं है। जंगली जालपा दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिन्द्र वर्मा ने बताया कि यह मार्ग भटनी के धार्मिक स्थलों तक पहुंच का मुख्य जरिया है। जंगली जालपा दुर्गा मंदिर,हनुमानगढ़ी, ठाकुर जी की कुटी मंदिर, पुल पर हनुमानजी जी की मनोकामनापूर्ण मंदिर, बाबा बर्फ़ानी मंदिर, आदि स्थलों तक श्रद्धालु इसी रास्ते से आते हैं। जर्जर सड़क के कारण श्रद्धालुओं को अत्यंत कठिनाई होती थी।

हतवा गांव निवासी शाबिद अंसारी बताते हैं कि बरसात के समय तो यह मार्ग एक दलदल जैसा बन जाता था। बच्चों का स्कूल जाना भी जोखिम भरा हो जाता था। अब जब कार्य शुरू हो चुका है। तो हमें उम्मीद है कि ये कठिनाइयाँ जल्द खत्म हो जाएंगी।उन्होंने कहा।

तिवारी टोला निवासी पिंटू मद्धेशिया जो एक स्थानीय व्यापारी का कहना है कि खराब सड़क के कारण माल ढुलाई में बहुत नुकसान उठाना पड़ता था। वाहन अक्सर फंस जाते थे। समय बर्बाद होता था। और खर्च बढ़ता था। अब बेहतर सड़क बनने से व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

जनता में खुशी की लहर पत्रकार राकेश मद्धेशिया को मिला धन्यवाद
स्थानीय जनता ने इस कार्य के लिए नगर पंचायत के साथ-साथ पत्रकार राकेश मद्धेशिया का भी आभार जताया जिन्होंने आमजन की पीड़ा को शब्दों में ढालकर समाचार माध्यमों के ज़रिए प्रसारित किया। लोग मानते हैं कि यह खबर का ही असर है।

भटनी नगरवासियों का कहना है की सच में मीडिया की ताकत अब महसूस हो रही है। जब जनहित से जुड़ी बातें सही तरीके से उठाई जाती हैं। तो शासन और प्रशासन को भी हरकत में आना पड़ता है।

अब उम्मीद भविष्य की निगाहें गुणवत्ता पर
सड़क निर्माण की शुरुआत के बाद स्थानीय जनता की उम्मीदें बढ़ गई हैं। लोग चाहते हैं कि यह कार्य सिर्फ दिखावे का न हो बल्कि सड़क मजबूत टिकाऊ और वर्षो तक उपयोगी बने। गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर भी जनता की निगाहें विभाग और ठेकेदार पर टिकी हैं।

नगर पंचायत ने भी यह आश्वासन दिया है कि कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।116 नंबर रेलवे गेट से विकास चौक तक का मार्ग अब विकास की दिशा में अग्रसर हो चुका है। अमर भारती समाचार पत्र की सक्रिय पत्रकारिता नगर पंचायत की प्रतिबद्धता और रेलवे विभाग की तत्परता ने मिलकर एक जनसमस्या का समाधान निकाला है। अब यह सड़क न केवल लोगों को सुविधा देगी बल्कि क्षेत्र की आर्थिक सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगी। आने वाले समय में जब यह मार्ग नया रूप लेकर सामने आएगा। तो यह एक उदाहरण होगा कि जब मीडिया प्रशासन और जनता साथ आएं तो बदलाव अवश्य होता है।