सेवानिवृत्त जलकल कर्मचारियों को महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया सम्मानित, विदाई समारोह में मिला भावपूर्ण सम्मान

लखनऊ।
नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग में वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले 9 कर्मचारियों को 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के बाद सोमवार को जलकल मुख्यालय में एक गरिमापूर्ण विदाई समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में —

रीता वर्मा (बिल वितरक)

राज कुमार, गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, युगुल किशोर मिश्रा, योगेन्द्र नाथ राय, बसंत लाल (पंप ऑपरेटर)

राजेन्द्र सिंह (बिल्डर)

राम प्रकाश सिंह, छोटे लाल (गैंगमैन) शामिल रहे।

इन सभी कर्मचारियों ने लखनऊ के विभिन्न ज़ोन में जल आपूर्ति और जल प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा—

“इन सभी कर्मचारियों ने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। इनका अनुभव नगर निगम के लिए अमूल्य है और आने वाली पीढ़ी के लिए यह प्रेरणास्रोत रहेगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी नगर निगम अपने पूर्व कर्मचारियों के मान-सम्मान को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद संदीप शर्मा, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, वित्त अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, लेखा अधिकारी पंकज सोती, अधिशासी अभियंता सचिन कुमार यादव सहित जलकल विभाग के कई अभियंता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त साथियों को शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए कार्यकाल को स्मरणीय बताया।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मेहनत, कार्यशैली और अनुभवों की प्रशंसा की। समारोह का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ, जिसमें सभी ने पारिवारिक वातावरण में सहभागिता की।