संघ नेता के बेटे की क्रूर हत्या पर भड़का गुस्सा, बुलडोजर कार्रवाई की मांग पर अड़े ग्रामीण

कुशीनगर। जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में शुक्रवार की शाम खेत में पशु चराने को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दबंगों ने आरएसएस के जिला सह संघ चालक इंद्रजीत सिंह के बेटे उत्कर्ष सिंह (40) की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है जबकि एक आरोपी फरार है।

जानकारी के अनुसार, उत्कर्ष सिंह अखिल भारतीय गहरवार क्षत्रिय महासभा के जिला संगठन मंत्री भी थे। घटना उस समय हुई जब खेत में पशु चरते देख उत्कर्ष ने आपत्ति जताई। इस पर गांव के ही एक परिवार से कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने फरसे, लाठी-डंडों से हमला कर उत्कर्ष की हत्या कर दी।

घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने लगभग ढाई घंटे तक दाह संस्कार रोककर हत्यारोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों का मकान सरकारी और दूसरों की जमीन पर बना है, जिसे हटाया जाए। इसके अलावा मृतक की पत्नी को नौकरी और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई।

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ने सभी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन दाह संस्कार के लिए राजी हुए।