
राजधानी दिल्ली के कालकाजी मंदिर में शुक्रवार रात प्रसाद मांगने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि मंदिर के सेवादार योगेन्द्र सिंह (35) की श्रद्धालुओं ने लाठी-डंडों और मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल योगेन्द्र को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में आक्रोश व्याप्त है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9.30 बजे कालकाजी मंदिर में दर्शन के बाद प्रसाद मांगने पर बहस छिड़ गई। देखते ही देखते चार–पांच लोग सेवादार पर टूट पड़े और लगातार पीटते रहे।
मृतक योगेन्द्र सिंह उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला था और पिछले 15 वर्षों से कालकाजी मंदिर में सेवादार के रूप में सेवा कर रहा था।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी अतुल पांडेय (30) को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।