
सूरतगंज, बाराबंकी। शिक्षा को बेहतर और सुलभ बनाने के लिए जहां सरकार प्रयासरत है, वहीं सरकारी शिक्षक भी अपनी नवाचारी पहल से छात्रों के चेहरे पर मुस्कान ला रहे हैं। मंगलवार को शिक्षक दिवस से पूर्व ब्लॉक सूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय पिपरी महार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में यह नजारा देखने को मिला।
विद्यालय के अन्वेषी और नवाचारी शिक्षक विकास कुमार सिंह तथा बबली सिंह द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 120 छात्र-छात्राओं को गृहकार्य पुस्तिका और पहचान पत्र (आईकार्ड) निशुल्क वितरित किए गए। खास बात यह रही कि इन पुस्तिकाओं और पहचान पत्रों का खर्च विद्यालय इंचार्ज विकास कुमार सिंह ने अपने निजी स्तर पर वहन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सूरतगंज संजय कुमार ने की। उन्होंने स्वयं छात्रों को पुस्तिकाएं और पहचान पत्र वितरित किए। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी।
खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि छात्रों को बेहतर शैक्षिक माहौल देकर अधिगम स्तर की संप्राप्ति सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए नित-नई नवाचारी सोच के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में शिक्षक संकुल रणधीर सिंह, अनिल कुमार, कमरुद्दीन, मनोरमा, दिलीप कुमार सहित कई अभिभावक मौजूद रहे। अंत में सहायक अध्यापक लवली सिंह ने सभी का आभार जताया। वहीं ग्रामीण अभिभावकों ने विद्यालय परिवार की इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए इसकी प्रशंसा की।