महादेवा चौकी प्रभारी संतोष त्रिपाठी का अभिनंदन, बेहतर कार्यकाल के लिए दी बधाई

रामनगर: पुलिस चौकी महादेवा के प्रभारी संतोष कुमार त्रिपाठी के स्थानांतरण के अवसर पर नागरिकों ने उन्हें उनके बेहतर कार्यकाल के लिए सम्मानित किया। वे अब थाना मसौली की सआदतगंज चौकी के प्रभारी बनाए गए हैं।

श्री त्रिपाठी का महादेवा चौकी प्रभारी के रूप में दो साल से अधिक कार्यकाल रहा, जिसमें उनकी सरलता, सहजता और मिलनसार व्यवहार की वजह से आम जनता में उन्हें खास पहचान मिली। लोग उन्हें अत्यंत सम्मान की दृष्टि से देखते थे। उनका कार्यकाल आम जनता की समस्याओं के समाधान और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए याद किया जाएगा। बिना सिफारिश के भी लोग उनके पास सीधे फरियाद लेकर जाते और उन्हें न्याय मिलता।

महादेवा के फाल्गुनी मेला, महादेवा महोत्सव, कजरी तीज मेला और सावनी मेला जैसी सामुदायिक गतिविधियों में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने ग्राम प्रधान अजय तिवारी उर्फ राजन, वालंटियरों और व्यापार मंडल महादेवा के पदाधिकारियों का सहयोग लेकर सभी आयोजनों को सफल बनाया।

उनके स्थानांतरण पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित तिवारी, प्रधान राजन तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज वर्मा, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप शुक्ला, उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार अवस्थी और व्यापारी सोनू गुप्ता सहित कई लोगों ने उन्हें माला पहनाकर अभिनंदन किया और उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।