एसडीएम ने मारा छापा, अवैध रूप से काटे जा रहे सागवन के पेड़ रोके

जौनपुर, बक्शा। सदर एसडीएम संतबीर सिंह ने बक्शा के उतरेजपुर गांव में बिना अनुमति अवैध रूप से काटे जा रहे सागवन के पेड़ों पर छापा मारा। घटना के समय एसडीएम क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे और रास्ते में देखा कि रामअधार यादव के खेत में पेड़ मनमाने तरीके से काटे जा रहे हैं।

एसडीएम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध कटाई को रोकवाया और स्थानीय थाना बक्शा को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक बृजेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल शिव प्रसाद यादव, अंकुश यादव और राकेश कुमार ने पेड़ काट रहे मेठ महेंद्र निषाद और पिकअप वाहन चालक विनोद निषाद को पकड़ लिया। महेंद्र निषाद ने बताया कि पेड़ अमर सिंह (ठेकेदार, उमरछा) के कहने पर काटे जा रहे थे।

एसडीएम ने वन विभाग को भी तुरंत सूचना दी। मौके पर पहुंची डॉ. रीता तिवारी, बक्श राजनाथ यादव सहित अन्य वन विभाग कर्मियों ने अवैध रूप से काटे जा रहे सागवन के पेड़ को कब्जे में ले लिया। खेत में कुल 37 सागवन के पेड़ थे, जिनमें से 26 काटे जा चुके थे और बाकी पेड़ बचा हुआ था।

संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।