अग्रसेन जयंती से पूर्व निकली निमंत्रण यात्रा

आगरा। अग्रवाल सेवा समिति रामबाग द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती से एक दिन पूर्व रविवार को भव्य निमंत्रण यात्रा निकाली गई। इस दौरान समाज के लोगों से बड़ी संख्या में जयंती महोत्सव में शामिल होने की अपील की गई। यात्रा में सैकड़ों अग्रवंशी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

गौरतलब है कि महाराजा अग्रसेन की 5149वीं जयंती को लेकर समिति कई दिनों से तैयारी कर रही है और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार सुबह 8 बजे घाट चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा में सवार लोग नगर भ्रमण करते हुए समाज बंधुओं को जयंती में अधिकाधिक भागीदारी के लिए आमंत्रित करते रहे। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि सोमवार को अपने प्रतिष्ठान बंद कर जयंती समारोह में सम्मिलित हों।

आमंत्रण यात्रा कटरा वजीर खां होते हुए ट्रांस यमुना कॉलोनी पहुंची, जहां जगह-जगह माता लक्ष्मी स्वरूप की आरती उतारी गई और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर दिनेश चंद्र गर्ग, सुभाष मित्तल, मुरारी लाल, सतीश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, मिनेश अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, विजय गर्ग सहित अनेक लोग मौजूद रहे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी विवेक अग्रवाल ने दी।