हर्षोल्लास के साथ निकाली गई महाराजा अग्रसेन की 5149वीं शोभायात्रा

आगरा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। अग्रवाल सेवा समिति रामबाग द्वारा 5149वें जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा में विभिन्न झाकियां लोगों का आकर्षण बनी रहीं। बैंड-बाजे की धुन पर अग्रवंशी उत्साह से थिरकते नजर आए। घरों और दुकानों से पुष्प वर्षा की गई और महाराजा अग्रसेन, महारानी तथा उनके 18 पुत्रों का जगह-जगह स्वागत किया गया।

शोभायात्रा में सैकड़ों पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए और अग्रसेन के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। शोभायात्रा का उद्घाटन उत्तरी विधानसभा के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने फीता काटकर किया, जबकि समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

शोभायात्रा कटरा वजीर खा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होकर रामबाग, ट्रांस यमुना कॉलोनी के ए, बी और सी ब्लॉक्स होते हुए गोवर्धन पार्क में विश्राम पर समाप्त हुई। पार्क में आयोजित कार्यक्रम में दिनेश चंद गर्ग, सुभाष मित्तल, देवेंद्र मित्तल, विवेक अग्रवाल और महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों के स्वरूपों का सम्मान किया गया।

शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन स्वरूप सुरेश चंद अग्रवाल और महारानी माधवी रजनी अग्रवाल के साथ उनके 18 पुत्रों के स्वरूपों की झांकी मनमोहक रही। इसके साथ ही विभिन्न अन्य झाकियों और सैकड़ों अग्रवंशी महिला-पुरुष एवं बच्चे बैंड-बाजे की धुन पर नृत्य करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। जनता ने घरों और दुकानों से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और महाराजा अग्रसेन एवं महारानी के स्वरूपों की आरती की।