पंडालों और बाजारों में लोगों से मुलाकात कर दिए सुरक्षा निर्देश

आगरा। नवरात्र और आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना एत्माद्दौला पुलिस ने मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने ट्रांस यमुना कॉलोनी में माता के पंडालों का दौरा किया और वहां मौजूद लोगों से संवाद स्थापित किया।

अधिकारीयों ने पंडाल आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध या अवांछनीय तत्व की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके साथ ही कॉलोनी में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के पास मौजूद श्रद्धालुओं को भी सतर्क रहने और आसपास की स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने बाजारों का भी भ्रमण किया और दुकानदारों से मुलाकात की। उन्हें यह समझाया गया कि त्योहारों के दौरान भीड़ अधिक रहती है, ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

थाना एत्माद्दौला पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना और त्योहारों को शांति व सुरक्षा के साथ संपन्न कराना है। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि पूरे क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा उपाय है।