
गौतमपल्ली थाना क्षेत्र की घटना, भूत का साया मानकर ले जाया गया हनुमान मंदिर
लखनऊ। राजधानी के गौतमपल्ली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक शराब के नशे में पेड़ पर चढ़ गया और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
युवक की पहचान बाराबंकी निवासी राम विकास के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नशे की हालत में वह बार-बार चिल्ला रहा था और अजीब हरकतें कर रहा था। लोगों को लगा कि उस पर भूत-प्रेत का साया है। देखते ही देखते माहौल सनसनीखेज हो गया और लोग ‘जय हनुमान’ के नारे लगाने लगे।
कुछ लोगों ने राम विकास को नीचे उतारकर पास के हनुमान मंदिर पहुंचाया। वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने उसकी हरकतों को देखकर उसे पूजा-पाठ कराने की सलाह दी।
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। गौतमपल्ली पुलिस का कहना है कि युवक पूरी तरह शराब के नशे में था, और अंधविश्वास के कारण लोग इसे भूत-प्रेत से जोड़ बैठे।