
आगरा। मिशन शक्ति फेस-5 अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार जिला आगरा के थाना एत्माद्दोला में एक दिन के लिए कक्षा आठ की छात्रा नव्या लोधी को थाना अध्यक्ष बनाया गया। इस अवसर पर वर्तमान थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार दुबे ने नव्या को कार्यभार सौंपा।
जिम्मेदारी संभालते ही नव्या लोधी ने दो पीड़ितों की फरियाद सुनी। इनमें एक मामला युवक के एक्सीडेंट का था, जिसमें नव्या ने अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए। वहीं दूसरे मामले में रिपोर्ट को तत्काल निस्तारित किया गया। इसके बाद नव्या ने थाना परिसर और माल खाने का निरीक्षण किया, जिसमें मिशन शक्ति की महिला सब-इंस्पेक्टर और थाना स्टाफ ने उनका मार्गदर्शन किया।
नव्या लोधी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा दिया गया यह अवसर उनके लिए बेहद प्रेरक रहा। उन्होंने कहा कि थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार दुबे के अनुभव से काफी कुछ सीखने को मिला। नव्या ने यह भी कहा कि भविष्य में वे नारी उत्थान और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की कोशिश करेंगी।
इस कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार दुबे, रामबाग चौकी इंचार्ज मोहित मलिक, नुनिहाई चौकी इंचार्ज सौरभ तिवारी सहित थाना एत्माद्दोला का समस्त स्टाफ ने नव्या लोधी के साथ मिलकर सहयोग किया।