समाधान दिवस में नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी ने सुनी जन शिकायतें

हरदोई। सवायजपुर थाने पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार राजेश पटेल और थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं।

कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रेषित कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी की अध्यक्षता में आयोजित इस समाधान दिवस में प्रभारी निरीक्षक ने आए फरियादियों की समस्याओं को सुना और मौके पर गुण-दोष के आधार पर कुछ मामलों का समाधान किया।

थाना प्रभारी ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि भूमि विवादों के मामलों में पुलिस और राजस्वकर्मी संयुक्त टीम के माध्यम से निस्तारण करें, ताकि ये विवाद आपराधिक घटनाओं में परिवर्तित न हों। नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने कहा कि शांति भंग की आशंका वाले स्थानों पर दोनों पक्षों पर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर रूपापुर चौकी इंचार्ज शिवशंकर मिश्रा, कांस्टेबल संजय मौर्य, लेखपाल, कानूनगो सहित बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।