पठकाना रामलीला की निकली भव्य राम बारात, नगरवासी हुए भावविभोर

शाहाबाद (हरदोई)।
पठकाना रामलीला की राम बारात शोभायात्रा नगर पालिका से सरदारगंज चौकी तक भव्यता के साथ निकाली गई। नगर में निर्धारित मार्गों से गुज़रती बारात को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। समिति अध्यक्ष संजय मिश्रा और संरक्षक हरिनाथ त्रिपाठी ने अपने घरों के सामने बारात का स्वागत किया और बारातियों को जलपान कराकर विदा किया।

रास्ते में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जिसमें महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। बारात में मनमोहक झांकियाँ, रथ, हाथी, घोड़े, रब्बा और विभिन्न देवताओं के वाहन शामिल थे। ऋषि-महर्षि, देवता गण, गणेश, यम, कुबेर, इन्द्र, सूर्य, चंद्र तथा ब्रह्मा, विष्णु, महेश सहित सभी प्रमुख देवताओं को सजीव रूप में प्रदर्शित किया गया। राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न सहित दशरथ भी अपने वाहनों पर विराजमान थे।

ठोल, नगाड़े, गाजे-बाजों और अन्य तमाम झांकी-ताम-झाम ने नगरवासियों का मन मोह लिया। सड़कों और अट्टालिकाओं पर उपस्थित युवा, वृद्ध और महिलाएं झांकियों को निहार कर अत्यंत आनंदित दिखीं। युवा उत्साहित होकर तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों के साथ बारात का आनंद ले रहे थे।

आधी रात में राम बारात सरदारगंज पुलिस चौकी पहुंची, जहाँ चौकी प्रभारी जामा मस्जिद धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और आरक्षी ड्यूटी पर उपस्थित रहे। रामलीला मेला समिति के मीडिया प्रभारी ओमदेव दीक्षित ने पुलिस व्यवस्था की प्रशंसा की, साथ ही स्थानीय अधिकारियों की उपेक्षा पर असंतोष जताया। उन्होंने बताया कि तीन साल पूर्व तक पुलिस राम बारात का स्वागत और समापन सुनिश्चित करती थी, परंतु अब वह परंपरा समाप्त हो गई है।