बिलग्राम में सामूहिक विवाह: 61 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 2 ने किया निकाह

बिलग्राम, हरदोई।
बिलग्राम के बीजीआर ग्राउंड पर शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 63 जोड़ों का भव्य विवाह समारोह संपन्न हुआ। 61 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए, जबकि दो मुस्लिम जोड़ों ने काजी की मौजूदगी में निकाह कबूल किया।

सरकार की ओर से वर-वधुओं को गद्दा, कड़ाही, पांच साड़ी, दीवार घड़ी, वाटर कूलर सहित कई उपहार प्रदान किए गए। वधू के बैंक खाते में 60 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी, जिसमें 25 हजार रुपये उपहार और 15 हजार रुपये भोजन व पंडाल पर व्यय के लिए रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त, सीडीओ हरदोई ने सभी वधुओं को अपने पास से एक-एक साड़ी भी दी।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू ने योजना को योगी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और नवविवाहितों को आशीर्वचन दिए। समारोह में ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन अनिल राठौर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।