कन्या भोज में हेल्पलाइन और महिला सुरक्षा की जानकारी दी गई

बाराबंकी। शारदीय नवरात्रि मिशन शक्ति फेज 5 के तहत सफीपुर में श्री दुर्गा प्रतिमा पंडाल में आयोजित कन्या भोज में एसएचओ मुन्नी सिंह ने भाग लेकर कन्याओं को प्रसाद वितरित किया और हेल्पलाइन नंबरों व सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

महिला थाना की एसएचओ मुन्नी सिंह और मिशन शक्ति टीम की महिला हेड कांस्टेबल आशा यादव, महिला कांस्टेबल आरती व शिखा ने कन्याओं और महिलाओं को नारी सुरक्षा, बाल विवाह, पास्को एक्ट, साइबर क्राइम, यातायात नियम और ड्रोन से संबंधित अफवाहों से बचाव के विषय में जागरूक किया। साथ ही उन्होंने यूपी सरकार के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी—1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस और 102 स्वास्थ्य सेवा।

इसके अतिरिक्त टीम ने कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, सामूहिक विवाह योजना जैसे सरकारी लाभों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी और पंपलेट वितरित किए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और कन्याओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के प्रति सचेत करना रहा।