
रिपोर्ट : रजत गुप्ता (जसवंतनगर/इटावा)
जसवंतनगर/इटावा। प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री तथा इटावा जनपद के प्रभारी धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती आम जनता को दीपावली से पहले दिया गया एक बड़ा आर्थिक उपहार है। यह निर्णय देश की आर्थिक गति को सशक्त करेगा और उपभोक्ताओं को सीधी राहत प्रदान करेगा।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति मंगलवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरों को चार स्लैब से घटाकर दो स्लैब में किया है, जिससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ मिलेगा। विशेष रूप से दैनिक उपभोग की वस्तुओं, खाद्य पदार्थों, किचन आइटम्स और दवाइयों पर जीएसटी घटाकर जनता को राहत दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में व्यापारियों को इस निर्णय की जानकारी दी जा रही है और उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपनी दुकानों पर उन वस्तुओं की सूची लगाएं जिन पर जीएसटी दरों में कटौती की गई है।
स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर बल देते हुए मंत्री ने कहा—
“अगर देशवासी विदेशी वस्तुओं की जगह अपने देश में बनी वस्तुएं खरीदेंगे तो इससे स्थानीय रोजगार, उत्पादन और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। पहले भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था क्योंकि लोग स्वदेशी वस्तुओं का सम्मान करते थे। आज हमें ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ का संकल्प लेकर चलना होगा। तभी भारत विश्वगुरु और विकसित राष्ट्र बन सकेगा।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना ने प्रत्येक जिले के प्रमुख उत्पाद को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है, जिससे स्थानीय उद्योगों और रोजगार को नया जीवन मिला है।
नारी उत्थान के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा जिला मंत्री राजकमल यादव के संयोजन में आयोजित विधानसभा जसवंतनगर कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जीएसटी दरों में कटौती और स्वदेशी अपनाओ अभियान के लाभों से अवगत कराएं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण गुप्ता अन्नू, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विवेक शाक्य गुड्डू, जिला मंत्री राजकमल यादव, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, डॉ. राज बहादुर यादव, एडवोकेट राजेंद्र गुप्ता, अजय यादव बिंदू, संजय मिश्रा दीपक, नंदन कठेरिया, ध्रुव प्रताप, असनीत यादव, प्रशांत राव चौबे, श्रेयस मिश्रा और सुमित जोशी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।