
बहराइच।
यू.पी.आई.टी.एस. द्वारा आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 के अंतर्गत गेंद घर मैदान में 09 से 18 अक्टूबर 2025 तक चल रहे स्वदेशी मेले का शुभारम्भ सांसद डॉ. आनन्द कुमार गोंड ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जितेन्द्र त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, विधायक बलहा के प्रतिनिधि आलोक जिंदल, पार्टी पदाधिकारी व उद्यमी बृजमोहन मातनहेलिया, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवात सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और स्टालों का निरीक्षण किया।
सांसद डॉ. गोंड ने अन्य अतिथियों के साथ खुले आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े और माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य पंडाल में कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। मेट्रो म्यूजिकल ग्रुप की बच्चियों ने ग्रुप लीडर सोनी श्रीवास्तव के नेतृत्व में गणेश वंदना सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प “स्वदेशी अपनाएं, देश को आत्मनिर्भर बनाएं” के उद्देश्य से यह मेले आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में आएं और हस्तशिल्पियों, कारीगरों और उद्यमियों द्वारा स्थानीय स्तर पर उत्पादित स्वदेशी वस्तुएं खरीदकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने मेले के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मेले में उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, माटी कला बोर्ड, हथकरघा, रेशम विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, सी.एम. युवा, ओ.डी.ओ.पी., विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, पी.एम.ई.जी.पी., मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना आदि के लाभार्थियों ने स्टाल लगाए हैं। उन्होंने इच्छुक व्यक्तियों को अपने स्टाल लगाने के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा ने किया। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, लीड बैंक प्रबंधक जितेन्द्र मसन्द, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य व आमजन भी मौजूद रहे।